hindi diwas (6)

Celebration of Hindi Diwas

हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन।
अपनी मातृ भाषा का सम्मान करने के साथ इसे दूसरे देशों में भी सम्मान दिलाएं: प्रोफेसर ढींडसा

सिरसा 15 सितंबर,2023: हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में जननायक चौ. देवीलाल विद्यापीठ, सिरसा में स्थित शिक्षण महाविद्यालय में निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के मुख्यातिथि जननायक चौ. देवीलाल विद्यापीठ के महानिदेशक एवं अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वैज्ञानिक डॉ. कुलदीप सिंह ढींडसा थे तथा अध्यक्षता कालेज के प्राचार्य डॉक्टर जयप्रकाश द्वारा की गई। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. सुधांशु गुप्ता ने भी शिरकत की। इस प्रतियोगिता में जेसीडी विद्यापीठ के सभी महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। जननायक चौ. देवीलाल शिक्षण महाविद्यालय, सिरसा के प्राचार्य डॉ. जयप्रकाश ने आएं हुए अतिथियों का स्वागत किया और उपस्थित सभी विद्यार्थियों को हिन्दी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं में हिंदी के प्रभाव को कम होता देख हिंदी के इस्तेमाल को बढ़ाने के लिए हिंदी दिवस मनाया जाता है।

मुख्यातिथि डॉ. कुलदीप सिंह ढींडसा ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के सभी राज्यों में बसे जनमानस को हिंदी के महत्व से जागरूक करने और इसके प्रचार-प्रसार के लिए भारत हिंदी दिवस मनाते हैं। एक भारतीय होने के नाते हम सभी का सबसे अहम् कर्तव्य है कि हम अपनी मातृ भाषा का सम्मान करने के साथ इसे दूसरे देशों में भी सम्मान दिलाएं और हिंदी को प्राथमिकता देने के लिए हिंदी दिवस को भी बड़ी धूम धाम से मनाएं। उन्होंने कहा कि हिंदी दिवस मनाने के पीछे का उद्देश्य हिंदी भाषा के प्रयोग को प्रोत्साहन देना है।

डॉक्टर ढींडसा ने बताया कि हिन्दी दिवस प्रत्येक वर्ष 14 सितम्बर को मनाया जाता है। 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने एक मत से यह निर्णय लिया कि हिन्दी ही भारत की राजभाषा होगी। इसी महत्वपूर्ण निर्णय के महत्व को प्रतिपादित करने तथा हिन्दी को हर क्षेत्र में प्रसारित करने के लिए राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, वर्धा के अनुरोध पर सन् 1953 से संपूर्ण भारत में 14 सितंबर को प्रतिवर्ष हिन्दी-दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हमारे देश की आधिकारिक भाषा के रूप में जानी जाने वाली हिंदी भाषा आज विश्व की तीसरी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा बन गयी है। एक रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया भर में 60. 22 करोड़ लोग हिंदी भाषा का उपयोग करते हैं। हमारे देश में 22 आधिकारिक भाषाओँ को मान्यता प्राप्त है जिसमें से हिंदी भाषा सबसे ज्यादा बोली जा रही है। भारत में 22 भाषाएं और उनकी 72507 लिपि हैं। एक देश में इतनी सारी भाषाओं और विविधताओं के बीच हिंदी वह भाषा है जो हिंदुस्तान को जोड़ती है। भारत में 28 राज्य और 8 केंद्र शासित प्रदेश हैं।

इस कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. रमेश कुमार के नेतृत्व में करवाया गया। निर्णायक मंडल की भूमिका का निर्वाह करते हुए प्रवक्ता श्रीमती हरजीत कौर ने प्रथम स्थान रवि, द्वितीय स्थान हरमन एवं तृतीय स्थान सानिया को घोषित किया। मुख्यातिथि एवं अन्य अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

JCDV Quiz